पिथौरागढ़/मुनस्यारी। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटे में हल्के और मध्यम स्तर के बादलों की आवाजाही होने लगेगी और अगले सप्ताह कुछ हिस्सों में बारिश तथा बर्फबारी की संभावना बन सकती है। बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय के तापमान में काफी सुधार आ गया और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मुनस्यारी में भी न्यूनतम तापमान बृहस्पतिवार को 1.5 डिग्री रहा। दिन में तेज धूप निकलने से मौसम फिलहाल सुहावना बना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी से बादलों की सघनता बढ़ेगी और कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, जिला मुख्यालय में इस समय सुबह और शाम के समय ही ठंड पड़ रही है। मुनस्यारी में सूर्यास्त होते ही ठंड बढ़ रही है। घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रहता है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण सभी जगह धूल का प्रभाव बढ़ रहा है।