मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सीमांत तहसील मुनस्यारी में नकदी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मुनस्यारी नगर में पांच एटीएम लगे हैं, लेकिन सिर्फ पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से ही पैसा निकल रहा है।
चार एटीएम नकदी की कमी के कारण बंद पड़े हैं। बैंक में आने वाले ग्राहकों को पांच हजार रुपये से अधिक का भुगतान दे पाना संभव नहीं हो रहा है। इस कारण नामिक, चुलकोट, बुई, बोना से पहुंचे ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टेट बैंक के प्रबंधक मंगल सिंह पांगती ने बताया कि रिजर्व बैंक से नकदी नहीं मिल पा रही है। इस कारण संकट खड़ा हो गया है। दूरदराज से आ रहे लोगों का कहना है कि पांच हजार रुपये से काम चला पाना संभव नहीं है। जल्दी बैंक में नकदी की व्यवस्था की जाए।