पिथौरागढ़। सहोदया कलस्टर की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सोमवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर निखिलेश्वर चिल्ड्रेंस एकेडमी में विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों की बैठक में कहा गया कि भविष्य में इस आयोजन को और भव्य बनाया जाएगा और सीबीएसई से संबद्ध अन्य स्कूलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
स्टेफर्ड पब्लिक स्कूल के पवन जोशी और सिटी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक नवीन कोठारी ने कहा कि सभी स्कूलों द्वारा नए शिक्षा सत्र में इस तरह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयारी की जाएगी।
इससे सभी स्कूलों के बच्चों को समान रूप से प्रतिभा निखारने और व्यक्तित्व विकास का मौका मिलेगा। एम स्क्वायर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक महेश बिष्ट ने कहा कि आने वाले समय में सहोदया के जरिये सभी विद्यालयों में एक समान शिक्षा प्रणाली को विकसित करेंगे। गुरुकुल इंटरनेशनल के प्रबंधक रमेश जोशी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही छात्रों में वाद-विवाद प्रतियोगिता, खेल प्रतियोगिता भी कराई जोगी। इन सभी कार्यक्रमों पर वर्ष भर का एक चार्ट सहोदया कलस्टर की ओर से जारी किया जाएगा। इस दौरान हिमालया पब्लिक स्कूल, पीएनएफ, ज्ञानदीप, नैनावती स्कूल और स्प्रिंगडेल के प्रबंधकों ने भी सुझाव रखे। वहां सहोदया कलस्टर की अध्यक्ष ममता सिंह आदि मौजूद रहे।