धारचूला (पिथौरागढ़)। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया के पहली बार धारचूला आने पर भाजपाइयों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। धारचूला पहुंचने पर उनको रं जनजाति की पारंपरिक पगड़ी ब्यंठलो पहनाई गई।
स्थानीय डाक बंगले में आयोजित कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश कापड़ी एवं नगर अध्यक्ष हरीश धामी ने जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। वल्दिया ने कहा कि चर्चित धारचूला ब्लॉक प्रमुख प्रकरण का मुख्य कारण कांग्रेस के समर्थक क्षेत्र पंचायत सदस्यों का असंतोष रहा है। 2014 के चुनाव में 21 सदस्यों ने कांग्रेस पार्टी का साथ दिया, लेकिन अविश्वास प्रस्ताव तक मात्र 12 ही सदस्य कांग्रेस के साथ थे।
भाजपा ने कांग्रेस की गुंडागर्दी और खरीद-फरोख्त से सुरक्षा के लिए असंतुष्ट सदस्यों को संरक्षण मात्र दिया था तथा सीधे तौर पर भाजपा का कोई रोल इस मामले में नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक हरीश धामी अपनी नाकामियों को छुपाने और धारचूला में अपना अस्तित्व बनाए रखने के लिए भाजपा पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। उनको कार्यकारिणी विस्तार में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इस दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अशोक नबियाल, बीडी जोशी, रूकुम बिष्ट, जगत मर्तोलिया, हरीश गुंज्याल, महेश गर्ब्याल, भूपेंद्र थापा, भीम सिंह रावत आदि उपस्थित थे।