पिथौरागढ़। प्रदेश सरकार पर दोषपूर्ण और अव्यवहारिक नीतियां लागू करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को शिक्षकों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कहा गया कि विधिवत प्रशिक्षण लेने और नियमानुसार नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों को अब सरकार अनिवार्य रूप से डीएलएड प्रशिक्षण लेने के लिए बाध्य कर रही है। जबकि अन्य राज्यों में इस तरह के प्रशिक्षण की कोई व्यवस्था और बाध्यता नहीं है।
शिक्षकों ने कहा कि जितने भी शिक्षक तैनात हैं वह सभी बीएड, डीपीएड, बीपीएड का प्रशिक्षण प्राप्त हैं। अब इन शिक्षकों को डीएलएड प्रशिक्षण के लिए बाध्य करना गलत है। कहा गया कि सरकार को बिना समय गंवाए इस मामले का हल निकालना चाहिए अन्यथा पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। बताया गया है कि शासन ने सभी शिक्षकों के लिए डीएलएड प्रशिक्षण को अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश आने के बाद शिक्षक खासे नाराज हैं। प्रदर्शन में त्रिलोचन जोशी, हिमांशु जोशी, करन सामंत, राजेंद्र जोशी, अंशुमन पंत, मीरा चंद, राखी कुंवर, मरियम दल, कुमुद त्रिपाठी, भीमराज भंडारी, कैलाश जोशी, चंचल वल्दिया, हिमांशु तिवारी, विक्रम सिंह, राजीव पोखरिया, हरीश पंत, हीरा चंद आदि थे।