अस्कोट (पिथौरागढ़)। अस्कोट-सेंथल मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर क्षेत्र के लोगों ने एक बार फिर आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर दी है। इस बार ग्रामीणों ने सड़क से अतिक्रमण न हटने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
करीब डेढ़ साल से इस सड़क पर विवाद चल रहा है। लोगों का आरोप है कि एक महिला ने सड़क पर कब्जा कर खेत बना लिए हैं। प्रशासन की जांच में अतिक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटा। ग्राम प्रधान उमा बिष्ट, खगेंद्र बिष्ट, तारा सिंह बिष्ट, राधिका देवी, नारायण सिंह, दान सिंह, ललित पाल, रवि पाल, निर्मला देवी ने थाने में दिए पत्र में कहा कि सड़क पर कब्जा होने से लोगों को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है।
कई बार आंदोलन किया जा चुका है। इन लोगों ने कहा कि यदि 15 दिन के भीतर अतिक्रमण नहीं हटा तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। अतिक्रमण के विरोध में आत्मदाह किया जाएगा। ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री, लोनिवि के अधिकारियों को भेजी गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को 28 सितंबर को इस संबंध में ज्ञापन सौंपेंगे।