डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलास मानसरोवर की परिक्रमा पूरी कर 11वें दल के सदस्य सोमवार की सुबह लिपुलेख दर्रा पार कर भारतीय क्षेत्र में आ गए हैं। सोमवार को यह दल गुंजी में रुका है। ठीक उसी समय 13वें दल के यात्रियों ने लिपुलेख दर्रा पार कर तिब्बत में प्रवेश किया। यह दल सोमवार को तकलाकोट में रुका है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार 12वें दल के यात्री तिब्बत के ज्योज्यूपू नामक स्थान पर हैं। 14वें दल के यात्री गाला से चलकर बूंदी पहुंच चुके हैं। आईटीबीपी के सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि सभी दलों के यात्री स्वस्थ हैं। हिमालयी क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कैलाश यात्रियों के दस दल यात्रा पूरी कर लौट चुके हैं। इस बार कुल 18 दल यात्रा पर जाएंगे।