पिथौरागढ़। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय ने स्कूलों में बच्चों को मनोरंजक और प्रेरणादायी बाल फिल्म दिखाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिले में शुक्रवार को देवसिंह राजकीय इंटर कॉलेज में इसकी शुरुआत हो गई है। बच्चों को ‘एक अजूबा’ और ‘द गोल’ फिल्म दिखाई गई। इन फिल्मों को देखकर बच्चे काफी खुश हुए। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी विद्यालयों में यह फिल्म दिखाई जाएगी।
अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी जीपी कोहली ने कहा कि इन फिल्मों को देखने से बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित होगी। देवसिंह इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. अशोक पंत ने बच्चों से कहा कि वह फिल्मों के मनोरंजन पक्ष के साथ-साथ संदेशों को भी आत्मसात करें। इस मौके पर सूचना प्रसारण मंत्रालय की बाल फिल्म समिति के विपणन अधिकारी अशोक कुमार ने मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे अभियान की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में कई बाल फिल्मों को दिखाया जाएगा।
संकुल प्रभारी नीरज जोशी ने बताया कि अन्य विद्यालयों में भी फिल्म दिखाने के लिए तिथियों का निर्धारण किया जा चुका है। इस दौरान भुवन चंद्र उप्रेती, डा. आईएस मेहता, हरीश चंद्र जोशी, बीपी पाठक, शंकर सिंह बोरा, बीएस बिष्ट, वंदना मेहता आदि मौजूद थे। संचालन जीवन सिंह धामी ने किया।