पिथौरागढ़। जिले की खस्ताहाल संचार व्यवस्था के खिलाफ शनिवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बीएसएनएल के साथ ही निजी कंपनियों के खिलाफ भी नारेबाजी की।
यूथ कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संचार कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महर ने कहा कि संचार कंपनियां बेहतर सेवा के विज्ञापन, स्कीम जारी कर लोगों को अपने झांसे में ले रही हैं, लेकिन सेवा देने में सभी फिसड्डी हैं। कहीं भी कॉल करने पर थोड़ी देर में फोन कट जाता है। कॉल ड्राप की समस्या इतनी बढ़ गई है कि 10 बार कॉॅल करने पर भी बात नहीं हो पाती है।
यूथ कांग्रेस के महासचिव कमल भंडारी, नगर अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि संचार सेवा में सुधार न होने पर 11 जुलाई को यूथ कांग्रेस जिलाधिकारी को इस संबंध में ज्ञापन देगी। संचार कंपनियों के कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। इसके बाद भी संचार सेवा नहीं सुधरी तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में करन सिंह, आनंद धामी, सुनील कुमार, शुभम बिष्ट, करन लाबट, हरीश जोशी, पंकज कुमार, सागर कुमार आदि शामिल थे।