पिथौरागढ़। 14 फरवरी 2016 को खड़कोट स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर परिसर में घुसे तेंदुए के खूंखार शावक को पकड़ने वाले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हेमंत सिंह मेहता को वन विभाग ने सम्मानित किया है। वित्त मंत्री प्रकाश पंत के हाथों छात्र को प्रशस्ति पत्र दिया गया। साथ ही छात्र के साहस की सराहना करते हुए कहा गया कि इससे विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा हुई।
वित्त मंत्री ने हेमंत के साहस की तारीफ करते हुए कहा कि विपत्ति के समय इसी तरह की सूझबूझ का परिचय देना चाहिए। सबसे बड़ी बात यह है कि हेमंत ने घनी आबादी के बीच घुसे शावक को सुरक्षित पकड़ा है। प्रभागीय वनाधिकारी विनय भार्गव की ओर से दिए गए प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि 14 फरवरी 2016 को अपरान्ह दो बजे सरस्वती बालिका विद्या मंदिर परिसर में शावक घुस गया था।
हेमंत ने बिना किसी उपकरण और हथियार की मदद के इस शावक को पकड़ लिया और मुख्य सड़क तक पहुंचा दिया। शावक को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने पिंजरे में कैद कर जंगल में छोड़ दिया था।