मुनस्यारी के मालुपाती में सूखे नलों से पानी टपकने का इंतजार। स्रोत: ग्रामीण
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। तहसील मुनस्यारी की ग्राम पंचायत हरकोट के मालुपाती तोक में एक सप्ताह से पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा है। जलापूर्ति ठप होने से यहां के 70 परिवार जल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों को तीन किमी दूर से पानी ढोकर अपनी प्यास बुझाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बता दें कि मालुपाती गांव पशुपालन के साथ ही अच्छी सब्जी उत्पादन के लिए भी जाना जाता है। पानी नहीं होने से सब्जियों के साथ अन्य फसलें भी सूख रही हैं। एक सप्ताह से नलों में पानी नहीं आ रहा और ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द पेयजल लाइन ठीक नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। हरकोट के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह ने एसडीएम को पत्र भेजकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों-कर्मियों से मौखिक तौर पर मामले की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ली गई। उन्होंने जल्द समस्या हल न होने ग्रामीणों के साथ आंदोलन की चेतावनी दी है। जल संस्थान के जेई विकास पांडे ने कहा कि पेयजल लाइन को शीघ्र ठीक कर जलापूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। संवाद