पिथौरागढ़। सीमांत जिले के सरकारी स्कूलों में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति करना विभाग के लिए चुनौती भरा साबित हो रहा है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि विशेष शिक्षा के तहत 24 पदों पर नियुक्ति के लिए हुई काउंसिलिंग में सिर्फ 17 अभ्यर्थी पहुंचे। इससे साफ है कि अब सात पद रिक्त रह जाएंगे, इन्हें भरने के लिए विभाग को इंतजार करना पड़ेगा।
जिले में प्राथमिक विद्यालयों में विशेष शिक्षा में सहायक अध्यापकों के 24 पदों पर नियुक्ति होनी है। इसके लिए मंगलवार को शिक्षा विभाग में शैक्षिक और प्रशिक्षण प्रमाणपत्राें की जांच के लिए काउंसलिंग हुई। सहायक अध्यापक बनने की चाह में 62 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक काउंसलिंग की गई। 17 अभ्यर्थी ही काउंसलिंग के लिए पहुंचे। आवेदन के सापेक्ष 45 अभ्यर्थी काउंसलिंग में नहीं पहुंचे। शिक्षा विभाग के मुताबिक, विशेष शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने के लिए सहायक अध्यापकों की नियुक्ति होनी है। रिक्त पदों के सापेक्ष विभाग को सहायक अध्यापक नहीं मिलेंगे, यह साफ है।
-
आरक्षित रिक्त सीटों का विवरण-
जाति रिक्त सीट
एससी 5
एसटी 1
ओबीसी 3
जनरल 13
ईडब्लू 2
दिव्यांग कोटा 1
जिले के प्राथमिक विद्यालयों में विशेष शिक्षा के तहत 24 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति होनी है। काउंसलिंग में अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद ही तैनाती दी जाएगी। रिक्तियों के सापेक्ष अभ्यर्थी काउंसिलिंग में नहीं पहुंचे।
-तरुण कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, पिथौरागढ़