मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जोशा और गांधीनगर के ग्रामीणों का छह दिनों से चला आ रहा क्रमिक अनशन संबंधित विभागों के अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद स्थगित हो गया है। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने भी फोन पर आंदोलनकारियों से वार्ता की।
जोशा और गांधी नगर के ग्रामीण 6 दिनों से 6 सूत्री मांगों को लेकर मदकोट चौराहे पर क्रमिक अनशन पर बैठे थे। शुक्रवार देर शाम तहसीलदार डॉ. ललित मोहन तिवारी की मध्यस्थता में शिक्षा, ग्राम्य विकास, जल संस्थान, लोनिवि, पीएमजीएसवाई के अधिकारियों की अनशनकारियोें से वार्ता हुई। अधिकारियों ने मोटर मार्ग का काम तीन माह में पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया।
सीमांत शिल्पी विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा प्रसाद ने दिल्ली में केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री एवं सांसद अजय टम्टा से मिलकर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। मंत्री ने फोन पर अनशनकारी राजेश रोशन से बात कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
इस पर लोग आंदोलन स्थगित करने पर राजी हो गए। तहसीलदार ने जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। आंदोलनकारियों ने आश्वासन पर अमल न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है। वार्ता में बसंत राम, राकेश रोशन, राजेंद्र प्रसाद, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू, प्रयाग पालीवाल, हरीश, दीवानी राम आदि थे।