गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। अल्मोड़ा जिले की सीमा पर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज गणाईगंगोली में 26 वर्ष से भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता को शिक्षा विभाग तैनात नहीं कर पाया। इस सरकारी विद्यालय में 16 वर्ष से रसायन विज्ञान के प्रवक्ता का पद रिक्त है। यह विद्यालय वर्षों से बगैर गणित, अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता संचालित हो रहा है।
विद्यालय में वर्ष 1992 से भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता का पद रिक्त है। वर्ष 2002 से रसायन विज्ञान, 2008 से अर्थशास्त्र, 2012 से अंग्रेजी, हिंदी, नागरिक शास्त्र, 2014 से गणित के प्रवक्ता नहीं हैं। वर्ष 2017 से एलटी में भी एक शिक्षक का पद रिक्त है।
शिक्षकों की कमी के कारण 217 छात्रसंख्या वाले इस सरकारी स्कूल में शिक्षण व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। एलटी शिक्षकों के सहारे इंटर कक्षाओं की पढ़ाई की जा रही है। प्रधानाचार्य होशियार सिंह बनकोटी ने बताया कि रिक्तियों के संबंध में उच्चाधिकारियों को लगातार पत्र भेजे जा रहे हैं।
29 को हाइवे जाम करेंगे अभिभावक
गणाईगंगोली। राजकीय इंटर कॉलेज गणाईगंगोली में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों में सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष चंदन वाणी ने डीएम, एसडीएम, मुख्य शिक्षाधिकारी, थानाध्यक्ष को भेजे पत्र में कहा है कि 28 दिसंबर तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती है तो 29 दिसंबर को नेशनल हाइवे पर चक्काजाम किया जाएगा।
जीआईसी गणाईगंगोली में प्रवक्ताओं की नियुक्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही विद्यालय को शिक्षक मिल जाएंगे। -मीना गंगोला, क्षेत्रीय विधायक