बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। एसएसबी के शहीद चारू चंद्र पाठक को उनकी 14वीं पुण्यतिथि पर क्षेत्रवासियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसएसबी डीडीहाट स्थित 11वीं वाहिनी की ओर से जीआईसी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहीद पाठक की फोटो युक्त स्मृति पटल का अनावरण मुख्य अतिथि एसडीएम तुषार सैनी ने किया। वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर ललिता प्रसाद उपाध्याय, सहायक कमांडेंट जोद सिंह, ब्लॉक प्रमुख रेखा भंडारी ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पाठक वर्ष 2004 में श्रीनगर में आतंकी मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।
इस दौरान एसडीएम सैनी, नगर पंचायत अध्यक्ष हेम पंत ने विचार रखे। इस दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में राजीव गांधी अभिनव विद्यालय की निशा उपाध्याय ने पहला, कुलदीप खनका ने दूसरा, रितिक भानुदास ने तीसरा स्थान पाया। स्कूली बच्चों ने शहीद के सम्मान में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। वहां तहसीलदार रमेश कुमार, खंड शिक्षाधिकारी तरुण पंत, प्रधानाचार्य हरि प्रसाद लोहिया, शहीद के भाई राजेश पाठक, दिवान सिंह, रणजीत राम, दरपान राम आदि थे।