डीडीहाट (पिथौरागढ़)। आठवें दल के यात्री सोमवार को उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम के चलते नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान नहीं भर सके। पांचवें दल के यात्री कैलाश की परिक्रमा पूरी कर तकलाकोट से गुुंजी पहुंच गए हैं। छठे दल के यात्रियों ने कैलाश और मानसरोवर की परिक्रमा कर ली है। यात्री मंगलवार को वापस तकलाकोट पहुंचेंगे। सातवां दल अभी गुंजी में है।
आठवें दल के 58 यात्री रविवार शाम पर्यटक आवास गृह पहुंचे। इनमें 14 महिलाएं शामिल हैं। यात्री सोमवार सुबह चार बजे टीआरसी से नैनीसैनी हवाई पट्टी को रवाना हुए। छियालेख, गर्ब्यांग में घना कोहरा छाने से वायुसेना के हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके।
यात्राधिकारी दिनेश गुरुरानी ने बताया कि अब यात्री मंगलवार को गुंजी को रवाना होंगे। पांचवां दल तकलाकोट से गुंजी पहुंच गया है। चीनी सुरक्षा एजेंसी ने यात्रियों को आईटीबीपी महिला कमांडो दस्ता, मेडिकल और संचार टीम के सुपुर्द किया। छठे दल के यात्रियों की भी परिक्रमा पूरी हो गई है। यात्री मंगलवार को तकलाकोट पहुंचेंगे।