पिथौरागढ़। गर्मी के सीजन में पेयजल समस्या से निपटने के लिए जल संस्थान ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रभावित इलाकों में जल संस्थान किराए के टैंकरों से पानी बांटेगा। इसके लिए पिकप वाहनों का टेंडर मंजूर कर लिया है।
जल संस्थान के पास अपने छह पेयजल टैंकर हैं। गर्मी के दौरान बढ़ी मांग को देखते हुए यह नाकाफी साबित होते हैं। इस साल भी किराए के वाहनों से प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति की जाएगी। जल संस्थान ने इसके लिए पिकप वाहनों के टेंडर मांगे थे। अब सात सौ रुपये रोजाना पर वाहनों का टेंडर मंजूर कर लिया है।
जरूरत के मुताबिक पिकप वाहन किराए पर लिए जाएंगे। यह वाहन पेयजल समस्या से प्रभावित नगरीय और ग्रामीण इलाकों में मांग आने पर आपूर्ति करेेंगे। इस पिकप वाहनों की जल क्षमता दो हजार लीटर होगी। जल संस्थान ईई विशाल सक्सेना ने बताया कि टेंडर स्वीकृति के बाद डीएम से अनुमोदन मांगा है।
वड्डा में बना फिलिंग सेंटर
जल संस्थान ने वड्डा में नया फिलिंग सेंटर बनाया है। क्षेत्र में पेयजल समस्या के दौरान वाहन इसी सेंटर से पानी भरेंगे। अब तक पिथौरागढ़ में हनुमान मंदिर के पास एक ही फिलिंग सेंटर था। गर्मी के दिनों में सभी वाहन पानी भरने के लिए इसी सेंटर पर निर्भर थे। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में आपूर्ति में लंबा वक्त लगता था। अब मूनाकोट ग्रामीण क्षेत्र के प्रभावितों को नए सेंटर से पानी दिया जाएगा। इससे समय के साथ ही तेल का खर्चा भी बचेगा।