पिथौरागढ़। नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट कस्बे में जल्दी ही रसोईगैस की एजेंसी शुरू हो जाएगी। झूलाघाट में रसोईगैस का गोदाम पहले से बना है। गोदाम की सुरक्षा की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को राज्य के मुख्य नियंत्रक विस्फोटक डीसी पांडे ने झूलाघाट का दौरा किया। अब वह अपनी रिपोर्ट शासन तथा इंडियन आयल कारपोरेशन को देंगे। उसके बाद गैस एजेंसी शुरू हो जाएगी।
पांडे ने इससे पहले पिथौरागढ़, तिलढुकरी और ऐंचोली गैस एजेंसी का भी निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने उल्कादेवी यात्री वाटिका में पौधरोपण कर कहा कि हिमालय को बचाने के लिए किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है। झूलाघाट में गैस एजेंसी खोलने की कवायद लंबे समय से चल रही है। एजेंसी न होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पर्यटक आवासगृह परिसर में स्थित उल्का देवी वाटिका में पौधरोपण करते समय पांडे के साथ आवासगृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी, गैस एजेंसी की प्रबंधक उषा राणा, आनंद पाठक, सहायक विक्रय अधिकारी जीएस बनकोटी, कनिष्ठ विक्रय अधिकारी गोपाल बिष्ट, मंजू महर, राकेश तिवारी, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।