पिथौरागढ़। रोडवेज की अनुबंधित जीपों में यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने की शिकायत आ रही है। पिथौरागढ़ से टनकपुर जा रहे एक यात्री से मैक्स जीप के चालक ने न केवल सौ रुपये अतिरिक्त ले लिए, वरन उनके साथ अभद्रता भी कर दी। यात्री ने इस मामले में रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक और सहायक महाप्रबंधक को पत्र दिया है।
रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए टनकपुर, हल्द्वानी और धारचूला मार्ग पर अनुबंधित जीपों का संचालन किया है। इन जीपों में यात्री से किराया उतना ही लिया जाता है, जितना रोडवेज की बसों का किराया होता है। बाकायदा हर यात्री को टिकट भी दिया जाता है। ऐंचोली निवासी धीरेंद्र सिंह ने रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक को लिखे पत्र में कहा है कि 15 दिसंबर को वह टनकपुर से पिथौरागढ़ के लिए इसी अनुबंधित जीप से आए थे।
पिथौरागढ़ में जब उतरे तो जीप चालक 100 रुपये अतिरिक्त मांगने लगा, जबकि टनकपुर से पिथौरागढ़ का 250 रुपये टिकट का भुगतान पहले ही कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि रोडवेज के उच्चाधिकारियों ने इस संबंध में कोई संज्ञान नहीं लिया है। इसलिए अब यह मामला डीएम सी रविशंकर के सामने रखा जाएगा। इधर, रोडवेज के सहायक महाप्रबंधक राम कौशल का कहना है कि ज्यादा किराया वसूलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी और दोबारा शिकायत मिलने पर अनुबंध समाप्त किया जाएगा।