पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से सटे आंगनबाड़ी केंद्र लुंठ्यूड़ा में कार्यरत आंगनबाड़ी सहायिका दो महीने से गैरहाजिर है। लुंठ्यूड़ा के सभासद केदार सेठी की शिकायत पर रविवार को आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण को पहुंचीं बाल विकास परियोजना अधिकारी भागीरथी डोबाल ने सहायिका के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी को लिख दिया है।
बताया गया कि सहायिका सुशीला देवी सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्र नहीं गई। कई बार उनको केंद्र में आने का संदेश भी भेजा गया। बाद में सभासद ने इस अव्यवस्था की जानकारी अधिकारियों को दी। सभासद की शिकायत की जांच को पहुंची बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि सुशीला देवी सितंबर से लगातार बिना किसी पूर्व सूचना के केंद्र से सितंबर से रविवार पांच नवंबर तक गायब हैं।
उन्होंने उल्लेख किया कि सहायिका ने अवकाश के लिए कोई आवेदन भी नहीं किया। सुशीला को नोटिस भेजते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कहा कि बिना किसी सूचना के गैरहाजिर रहने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि लगातार केंद्र से गैरहाजिर रहने के कारण कार्य में व्यवधान आता है और आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में बाधा पहुंचती है।