थल (पिथौरागढ़)। इस तहसील के खोली गांव में दस अगस्त को बादल फटने के दौरान हेम चंद्र उपाध्याय का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। अब तक पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता नहीं मिल पाई है। विधायक विशन सिंह चुफाल ने भी गांव का दौरा किया था और पीड़ित परिवार को पूरी मदद का आश्वासन दिया था, लेकिन उनके आश्वासन पर भी अमल नहीं हुआ।
हेम चंद्र उपाध्याय का मकान ध्वस्त होने के साथ ही घर पर रखा सारा सामान, कपड़े, राशन, अन्य कीमती सामान नष्ट हो गया था। इस परिवार ने दूसरे घर में शरण ले रखी है। इस बीच समाजसेवी डिगरदेव उपाध्याय और प्रधान मनोज उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसका प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देने के बाद भी कोई अधिकारी गांव के निरीक्षण को नहीं आया।
गांव के लोगों को मकान का मलबा खुद साफ करना पड़ा। उधर, आपदा प्रबंधन विभाग ने क्षतिग्रस्त मकानों की सूची में इस मकान को भी दर्ज तो किया है, लेकिन राहत की राशि कब और कैसे मिलेगी यह नहीं बताया गया है। उधर, एसडीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि खोलीमाली गांव के आपदा पीड़ित हेम चंद्र उपाध्याय को तात्कालिक सहायता के तौर पर 3600 रुपये दे दिए हैं। उनको राहत राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव बनाकर जिलाधिकारी को भेजा गया है। पूर्ण क्षतिग्रस्त मकान का जो मुआवजा दिया जाता है वह पीड़ित परिवार को जरूर मिलेगा।