पिथौरागढ़। जिले में 11 सितंबर से शुरू होने वाले मिजिल्स रुबेला टीकाकरण अभियान के दौरान कुल एक लाख 32 हजार बच्चों को टीका लगाया जाएगा। नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को यह टीका लगाया जाएगा।
शनिवार को यहां हुई जिला टास्क फोर्स की बैठक में टीकाकरण अभियान को सफल बनाने पर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि अभी से यह तय कर लिया जाए कि टीकाकरण से कोई बच्चा वंचित न रहे।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा गया कि वह एक सप्ताह के भीतर सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दें। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डा. भवानी सिंह ने कहा कि बच्चों का टीकाकरण स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों में किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. उषा जंगपांगी ने अभियान को लेकर अब तक की गई तैयारी की जानकारी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. उषा गुंज्याल ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। बैठक में नोडल अधिकारी डा. ललित भट्ट, मोहित पंत, चंदन सिंह आदि कर्मचारी उपस्थित थे।