पिथौरागढ़। लोकगायिका कबूतरी देवी का क्वीतड़ गांव में स्थित मकान भूस्खलन के कारण खतरे से घिर गया है। कबूतरी ने यह मकान छोड़ दिया है और उन्होंने दूसरी जगह शरण ले ली है।
लोकगायिका के सामने पैदा हुए इस संकट की जानकारी मंगलवार को ग्राम प्रधान श्याम सुंदर सौन ने जिलाधिकारी को दी है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने भूमि संरक्षण अधिकारी को आदेश दिया है कि इस मामले की जांच करें और तत्काल जरूरी कदम उठाएं।
कबूतरी देवी क्वीतड़ गांव में अपने पैतृक आवास पर रहती हैं। सोमवार रात हुई भारी बारिश के दौरान मकान के आंगन की दीवार धंस गई और मकान खतरे में आ गया। कबूतरी ने मंगलवार सुबह यह मकान छोड़ दिया है और गांव में ही दूसरे मकान में शरण ले रखी है। प्रधान ने मांग की है कि तत्काल लोकगायिका के मकान की सुरक्षा के लिए धनराशि दी जाए और मकान की सुरक्षा की जाए।