कनालीछीना (पिथौरागढ़)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल ने अधिकारियों के साथ ऊंचाकोट, रसगाड़ी, बगड़ीहाट, धौलाकोट, खोलियागांव का भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनीं। रसगाड़ी में लोगों ने रास्ता, पुलिया निर्माण की मांग उठाई। कहा कि गांव के गधेरे में पुलिया न होने से बरसात में आवागमन में दिक्कत होती है।
विधायक ने कहा कि पुलिया, रास्ते का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा। इसके बाद चुफाल ने बगड़ीहाट में आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा शीघ्र दिलाया जाएगा। चुफाल ने अस्कोट लोनिवि गेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक में कहा कि वर्षाकाल में सभी को सजगता बरतनी होगी। अधिकारी संवेदनशील स्थानों पर नजर रखें। किसी भी तरह की आपदा की सूचना तत्काल जिला, स्थानीय प्रशासन को दें।
उन्होंने भ्रमण के दौरान उठी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा। बैठक में लोनिवि, ग्राम्य विकास, जल संस्थान, पेयजल निगम, ऊर्जा निगम के अधिकारियों के साथ ही भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष रमेश पांडे, विधायक प्रतिनिधि संजय भंडारी, हिमांशु ओझा, राजेश ठकुराठी, महिमन कन्याल आदि थे।