गंगोलीहाट के संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ.सौरभ गहरवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 60 महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए। रविवार को दूर-दराज गांवों से महिलाएं अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंची थीं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं रेडियोलॉजिस्ट डॉ.सौरभ गहरवाल शासन से अनुमति मिलने के बाद गंगोलीहाट सीएचसी में अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। इससे गर्भवती महिलाओं को पिथौरागढ़ नहीं जाना पड़ रहा है। रविवार को 42 गर्भवती और 18 अन्य रोगी महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए। अल्ट्रासाउंड के लिए जाबुकाथल, टुंडाचौड़ा, चहज, जजौली, पव्वाधार, बेड़ीनाग, सिटोली, पाली पोखरी, बलीगांव, भाटगांव, कमद, ओलीगांव, खड़कीवज्यूड़ा, भराड़ीकुंड, गानूरा, चनकाना, ड्यूल हड़ाकोट, चौनाला, चौरपाल, हनेरा, गणाई, व्यालकटिया, चौबाटी, उडियारीबैंड से महिलाएं पहुंची थीं।
अल्ट्रासाउंड में अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.पवन कार्की, डॉ.तरुण बोरा, बेसिक हेल्थ वर्कर प्रेमा देउपा, एएनएम हिमानी पांडेय, फार्मासिस्ट दीप पंत, राकेश कुमार, राजेंद्र, नरेंद्र आदि ने सहयोग दिया। संयुक्त मजिस्ट्रेट अब तक 220 महिलाओं के अल्ट्रासाउंड कर चुके हैं। उनकी इस पहल से महिलाओं को एक सौ किमी दूर पिथौरागढ़ नहीं जाना पड़ रहा है।