चंपावत। चंपावत में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलेभर से 60 शिकायतें दर्ज की गईं जिनकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने की। इस दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त पुल, पेयजल, सड़क, सोलर लाइट और पेंशन से जुड़े मामले प्रमुख रूप से उठाए गए।
सीडीओ खाती ने संबंधित विभागों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि फरियादियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें और समाधान धरातल पर नजर आना चाहिए।
कार्यक्रम में बाराकोट के गंगा दत्त पंत ने क्षतिग्रस्त पैदल पुल, काकड़ी गुरेली के पूता राम ने पेयजल कनेक्शन और लोहाघाट की बबीता देवी ने नया राशन कार्ड बनाने की मांग रखी।
इसके अलावा मौराड़ी, चौकी, ढकना रोड और बसकुनी से आए ग्रामीणों ने सोलर लाइट, गोशाला निर्माण, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता और दिव्यांगता पेंशन से जुड़ी समस्याएं रखीं। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ बिना किसी लापरवाही के मामलों का त्वरित समाधान करने को कहा है।