बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नए थानाध्यक्ष हेम पंत ने थाने का कार्यभार ग्रहण करने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष और व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों ने भारी वाहनों के नगर में प्रवेश के चलते होने वाली परेशानियों के बारे में बताया।
बैठक में तय किया गया कि मुख्य बाजार में सुबह नौ से शाम चार बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। निजी वाहनों को सड़क के एक किनारे खड़ा किया जाएगा। अल्मोड़ा और हल्द्वानी जाने वाली जीपें सुबह दस बजे तक बस स्टेशन पर और बाद में पुराना बाजार से सवारियां भरेंगी।
नगर में व्यापारियों के निजी वाहन भी स्टैंड पर ही खड़े रहेंगे। बैंक के आसपास केवल दो ही टैक्सी वाहन खड़े रहेंगे। साथ ही तेज गति से दोपहिया चलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष हेम पंत, भगवान गिरी, सुरेंद्र दानू आदि मौजूद रहे।