पिथौरागढ़। केएमओयू ने पिथौरागढ़ से रानीखेत के लिए संचालित होने वाली बस सेवा बंद कर दी है। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिथौरागढ़ से रानीखेत के लिए लगभग तीन दशक से केमू की बस सेवा चल रही थी। इस बस को लगभग दो माह पहले बंद कर दिया गया। इस कारण रानीखेत आने-जाने वाले यात्रियों को दिक्कत हो रही है। रानीखेत-पिथौरागढ़ के बीच आवागमन के लिए यात्रियों को दो वाहन बदलने पड़ रहे हैं। इस रूट पर रोडवेज की कोई बस सेवा नहीं है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुनील वर्मा ने केएमओयू प्रबंधन को पत्र लिखकर रानीखेत बस सेवा फिर से शुरू करने की मांग की है। केएमओयू के स्थानीय प्रबंधक अशोक चौहान का कहना है कि पिथौरागढ़ से रानीखेत के लिए सवारियां नहीं मिल रही थीं। इससे नुकसान हो रहा था। इसे देखते हुए बस सेवा बंद करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा के लिए दो बसें संचालित हो रही हैं।