पिथौरागढ़। जिला भेषज संघ की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में जड़ी-बूटी संग्रहण की अनुमति न मिलने का मामला उठा। अनुमति प्राप्त करने के लिए संघ वन विभाग से संपर्क साधेगा। बैठक में तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई।
जिला भेषज सहकारी संघ लिमिटेड अध्यक्ष पीतांबर पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2018-19 के लिए 47.50 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। संघ के सदस्य राजेंद्र भट्ट ने भेषज संघ का नया भवन भवन बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का मुद्दा उठाया।
कहा कि भेषज संघ का कार्यालय किराए के भवन में चल रहा है, इसमें काफी धनराशि खर्च हो रही है। सभी सदस्यों ने भट्ट के प्रस्ताव का समर्थन किया। सदस्य जगदीश चंद्र जोशी, आनंद सिंह मुडेला ने नाप भूमि वाले कृषकों का पंजीकरण जिला स्तर पर करने का प्रस्ताव रखा। इस पर तय हुआ कि इस विषय पर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
संघ के अध्यक्ष पीतांबर पंत ने कीड़ा जड़ी (यारसा गंबू) के विदोहन का कार्य भेषज संघों को देने के सरकार के निर्णय के लिए वित्त मंत्री प्रकाश पंत का आभार जताया।
सदस्यों ने संघ की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने और जड़ी-बूटी संग्रहण का एकाधिकार संघ को देने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में भेषज संघ के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र पांडे, सदस्य फकीर राम, प्रकाश पंत मौजूद थे। संचालन भेषज संघ के सचिव आरएस धौनी ने किया।