अस्कोट (पिथौरागढ़)। राजकीय इंटर कॉलेज अस्कोट में अध्ययन छात्रों के लिए शीघ्र नया भवन बनेगा। भवन निर्माण के लिए शासन से 95 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। भवन के निर्माण का कार्य आरईएस को दिया गया है।
अस्कोट में जिस भवन में इंटर कॉलेज की कक्षाएं चलती हैं, वह भवन आजादी से पहले प्राथमिक पाठशाला के लिए बनाया गया। आजादी के बाद वर्ष 1956 में प्राथमिक पाठशाला को उच्चीकृत कर जूनियर हाईस्कूल बनाया गया। इसके बाद 1985 में हाईस्कूल और 1997 में इंटरमीडिएट बनाया गया, जबकि नए स्कूल भवन का निर्माण करने के बजाय कुछ कक्ष बना दिए गए।
इससे यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब सरकार ने विद्यालय भवन के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। विधायक विशन सिंह चुफाल ने बताया कि नए भवन के लिए 95 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इधर, अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोविंद सिंह पाल सहित कई क्षेत्रवासियों ने धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय विधायक का आभार जताया है।