पिथौरागढ़। सीमांत मुनस्यारी तहसील के समकोट में बीएसएनएल के टावर लगने की सारी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। टावर लगने के बाद समकोट, राया, बजेता क्षेत्र की 10 हजार से अधिक की आबादी को संचार सुविधा मिलेगी।
मुनस्यारी तहसील के समकोट क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव संचार सेवा से वंचित हैं। इस क्षेत्र को संचार से जोड़ने के लिए समकोट गांव के पास बीएसएनएल का टावर लगाने का प्रस्ताव था। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री एवं सांसद अजय टम्टा के प्रयास से यहां पर बीएसएनएल का टावर स्वीकृत हो चुका है। टावर के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रशासन ने टावर निर्माण की सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
मुनस्यारी के एसडीएम केएन गोस्वामी और भाजपा नेता भगत बाछमी ने चयनित स्थल का निरीक्षण भी किया। टावर लगते ही समकोट, कोटा, खड़िक, कोटा पंद्रहपाला, राया, बजेता, डुंगरी, सेलमाली सहित दो दर्जन गांव संचार सुविधा से जुड़ जाएंगे। यहां के लोगों को परिजनों से बातचीत करने और रसोई गैस बुक कराने के लिए बांसबगड़ या नाचनी नहीं जाना पड़ेगा।