बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नगर पंचायत के भट्टीगांव क्षेत्र में कई दिनों से चल रहा जमीन और लेनदेन का विवाद राजस्व पुलिस तक पहुंच गया। राजस्व पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्व उप निरीक्षक महिमा भट्ट ने बताया कि भट्टीगांव की मुन्नी पंत ने पड़ोसी श्याम बाबू द्वारा अपनी जमीन पर जेसीबी से खुदान करने पर अपने मकान को खतरे होने की बात कही है। बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा खतरे वाली जगह पर दीवार लगाने की बात नहीं मानी जा रही है, जबकि बरसात में खतरा बढ़ता जा रहा है। भट्टीगांव के ही विपिन पंत ने श्याम बाबू पर वर्ष 2016 में खरीदी गई जमीन का भुगतान अब तक न करने का आरोप लगाया है।
राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि इस मामले पर यहां कई दिनों से तनाव बना है। शनिवार को सरपंच कैलाश चन्याल की उपस्थिति में सभी पक्षों को राजस्व चौकी में बुलाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि खुदान से खतरे की जद में आए मकान के पास दीवार नहीं लगाई गई और जमीन बेचने वाले किसान का भुगतान नहीं किया गया तो वह उक्त जमीन पर कब्जा कर लेंगे। राजस्व उप निरीक्षक महिमा भट्ट एवं राजस्व लिपिक हैप्पी कार्की ने बताया कि मौके पर जाकर मामले की जांच की जाएगी।