पिथौरागढ़। 80 यूके एनसीसी बटालियन के तत्वावधान में छात्र-छात्राओं ने पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ रैली निकाली। रैली के बाद राइंका परिसर में 250 छायादार और फलदार पौधे रोपे गए।
केएनयू राइंका में रैली का शुभारंभ कमान अधिकारी ले. कर्नल एचडी गुरंग और विद्यालय के प्रधानाचार्य पीसी पंत ने किया। रैली जीआईसी रोड, पालिका तिराहा होते हुए बाजार पहुंची और यहां से फिर वापस विद्यालय में लौटी। रैली में शामिल 105 सीनियर और 50 जूनियर डिवीजन के कैडेटों ने व्यापारियों से पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने का आह्वान किया।
पर्यावरण बचाओ अभियान के अंतर्गत मुख्य शिक्षा अधिकारी बीपी सिमल्टी, विशिष्ट अतिथि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ध्यान सिंह के साथ छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में अपने-अपने नाम का पौध रोपा। सीईओ सिमल्टी ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को पौधों की देखभाल करने का भी संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर एनसीसी अधिकारी ले. हरीश बिष्ट, आशीष पांडेय समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।