मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला मुनस्यारी-मिलम पैदल मार्ग लीलम के पास भारी चट्टान गिरने से बंद हो गया है। इस कारण आईटीबीपी की मिलम चौकी के लिए खाद्यान्न की आपूर्ति बाधित हो गई है।
ऊपरी गांवों में रह रहे लोगों के लिए भी मार्ग बंद होने से दिक्कत पैदा हो गई है। यदि मार्ग जल्द नहीं खोला गया तो हिमवीरों के लिए राशन का संकट खड़ा हो जाएगा।
मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर मुनस्यारी से करीब 13 किमी आगे लीलम के पास शुक्रवार सुबह भूस्खलन होने से भारी चट्टान दरककर गिर गई। रास्ता बंद होने से मिलम, रेलकोट, बुर्फु, बिल्जु, मापा, घनघर, खिलांच, टोला, लास्पा, बोगडियार, मर्तोली, लीलम, ल्वा के ग्रामीणों को आवागमन में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि गांवों में अगस्त तक का राशन पहुंचा दिया गया है। बावजूद इसके ग्रामीण जरूरी कार्यों के लिए मुनस्यारी आते रहते हैं।
आईटीबीपी की अग्रिम चौकी मिलम के लिए खाद्यान्न की आपूर्ति की जा रही है। ठेकेदार कुंदन सिंह पांगती ने बताया कि रास्ता खुलने के बाद ही खाद्यान्न भेजा जाएगा। लोनिवि के सहायक अभियंता शरद जिंदल ने बताया कि रास्ता खोलने के लिए मजदूर भेजे जा रहे हैं।