पिथौरागढ़। बीएसएनएल की सेवा दूसरे दिन भी घंटों ठप रही। इससे मोबाइल, लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवा शोपीस बनी रही। हजारों लोग संचार सेवा से वंचित रहे। बैंक, डाकघर, सरकारी, अर्ध सरकारी, निजी दफ्तरों और कार्यालयों में काम प्रभावित रहा।
सोमवार को एक बार फिर बीएसएनएल की संचार सेवा ठप हो गई। सुबह 11 बजे से लेकर दिन तीन बजे तक सेवा बाधित रही। इससे पिथौरागढ़ से लेकर धारचूला, मुनस्यारी, थल, गंगोलीहाट, डीडीहाट, गणाई गंगोली समेत कई इलाकों में उपभोक्ताओं को परेशानी और फजीहत का सामना करना पड़ा। संचार सेवा बाधित रहने से मोबाइल, लैंडलाइन फोन, ब्रॉडबैंड ठप पड़े रहे। संचार सेवा के बाधित होने से बैंकों, सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालयों के साथ ही निजी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहा। ब्रॉडबैंड ठप रहने से साइबर कैफे समेत कई तरह की कारोबारी गतिविधियों पर असर पड़ा। लोग इंटरनेट संबंधी काम के लिए साइबर कैफे का चक्कर काटते रहे। इस संबंध में बीएसएनएल के मंडलीय अभियंता एसएन रावत का कहना है कि टनकपुर-पिथौरागढ़ सड़क निर्माण के दौरान लोहाघाट और थल-बेरीनाग के बीच ओएफसी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मरम्मत के बाद सेवा बहाल कर दी गई।