पिथौरागढ़। सौनपट्टी क्षेत्र के लोगों ने अड़किनी के लिए बन रही सड़क में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीएम दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। सड़क की जांच और कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में क्षेत्र के लोगों ने कहा कि तीन साल से सड़क का निर्माण हो रहा है। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरती गई है। सड़क कटान, नाली निर्माण, मोड़ कटिंग आदि कार्य मानक के अनुसार नहीं हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। पैरापिटों के निर्माण में भी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभाग सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। इस मामले की जांच होनी चाहिए। ठेकेदार को काली सूची में डाला जाना चाहिए। प्रदर्शन में रोहन सौन, पूरन राम, श्याम सिंह, कपिल सौन, पंकज सौन, हिमांशु सौन, निर्मल सौन, विक्रम भंडारी आदि शामिल थे। उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने प्रदर्शन में शामिल होकर क्षेत्र के लोगों को समर्थन दिया।