अंतरराष्ट्रीय झूलापुल 26 जून से 72 घंटे बंद रहेंगे
पिथौरागढ़। पश्चिमी नेपाल के पर्वतीय जिलों में 28 जून को होने वाले पंचायत एवं निकाय चुनाव को देखते हुए भारत-नेपाल को जोड़ने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय झूलापुल 26 जून की सुबह सात बजे से 29 जून की सुबह सात बजे से बंद कर दिए जाएंगे। नेपाल में चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए यह फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि नेपाल के अधिकारियों ने चुनाव शांतिपूर्वक कराने में सहयोग मांगा है।
डीएम ने जानकारी दी कि 26 जून की सुबह से झूलाघाट, जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला और तिकड़म के झूलापुल आवागमन के लिए बंद हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि नेपाल में हो रहे चुनावों के दौरान शांति व्यवस्था तथा अन्य मसलों को लेकर 23 जून को नेपाल के दार्चुला जिला मुख्यालय में दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक होगी।
बैठक में चुनाव के साथ-साथ सीमा पर होने वाले अपराधों के नियंत्रण, नशीले पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, सुरक्षा, कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा होगी। इस बैठक में डीएम खुद भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि जब भारत में चुनाव होते हैं उस समय भी अंतरराष्ट्रीय झूलापुलों को बंद कर दिया जाता है, ताकि अराजक तत्व एक दूसरे देश में प्रवेश न कर सकें।