पिथौरागढ़। सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में संचालित सब जूनियर बालक व बालिका वर्ग का राज्य स्तरीय बॉक्सिंग विशेष प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में राज्य के 10 जिलों से चयनित 46 खिलाड़ियों को मुक्केबाजी की बारीकियां बताई गईं।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 10 दिवसीय राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हुआ। शिविर में पौड़ी के दो, नैनीताल के 12, बागेश्वर के पांच, चंपावत के एक, यूएसनगर के तीन, अल्मोड़ा, चमोली, हरिद्वार के एक-एक, देहरादून के छह और पिथौरागढ़ के 14 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया गया। इनमें 25 बालक व 21 बालिकाएं शामिल हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि प्रशिक्षित खिलाड़ी इसी माह 22 जून से 29 जून को जालंधर, पंजाब में होने वाली सब जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने मुक्कों का दम दिखाएंगे। जीवन प्रकाश, प्रकाश जंग थापा, उमेश गढ़िया, रेनू दानू ने मुक्केबाजों को प्रशिक्षण दिया।
यहां मुख्य अतिथि उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह, जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी, उत्तराखंड वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र भट्ट आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन हरीश सिंह दिगारी ने किया।