पिथौरागढ़/गणाईगंगोली/अस्कोट। जिले में उत्तरायणी मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले के रामेश्वर, सेराघाट, थल, हंसेश्वर, जौलजीबी समेत तमाम स्थानों में उत्तरायणी पर्व पर प्राचीन समय से मेले लगते हैं। इस बार अल्मोड़ा जिले की सीमा से लगे सेराघाट के सरयू तक में 15 और 16 जनवरी को दो दिवसीय उत्तरायणी महोत्सव होगा।
उत्तरायणी पर्व पर गंगा घाटों में स्नान के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। गंगा स्नान के बाद लोग शिव धामों में भगवान शंकर का जलाभिषेक करते हैं। गंगा घाटों में बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों का उपनयन संस्कार कराते हैं। उत्तरायणी को गंगा घाटों की रौनक देखते ही बनती है। सेराघाट में मेले का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक मीना गंगोला करेंगी। मेला समिति ने इस बार निशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार कराने का निर्णय लिया है।
मेले में गढ़वाल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। मेले में हर साल की तरह मुरादाबाद, बरेली, खटीमा, टनकपुर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पीलीभीत, बेड़ीनाग आदि स्थानों के व्यापारी सामान लेकर पहुंचेंगे। आयोजन समिति ने अल्मोड़ा और बेड़ीनाग पुलिस से मेले में शांति व्यवस्था बनाने के लिए फोर्स तैनात करने की मांग की है।