डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ग्रामीण क्षेत्रों से नसबंदी को आई महिलाओं को बैरंग लौटना पड़ा। इससे उनमें स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ खासा आक्रोश देखा गया।
सोमवार को महिला नसबंदी के लिए हुड़की, कौली, गराली, थल, भांतड़ समेत कई गांवों से 50 से अधिक महिलाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। काफी इंतजार के बाद करीब 11 बजे चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि नसबंदी के लिए पिथौरागढ़ से आने वाली टीम नहीं आ रही है। इससे दूरदराज से पहुंची महिलाएं मायूस हो गईं। उनका कहना था कि वह धन और कीमती समय बर्बाद कर यहां पहुंची हैं, लेकिन उन्हें अब टरकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव में आशा वर्कर और एएनएम आकर उन्हें शिविर की जानकारी देती हैं, लेकिन यहां आने पर खुद को ठगा महसूस कर रही हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ऊषा गुंज्याल ने बताया कि एनआरएचएम के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर को शिविर के स्थगित होने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी और जानकारी जुटाई जा रही है।