पिथौरागढ़। ऐबेक्स बायो फार्मा के सहयोग से विशुद्धि और राजलता अस्पताल बरेली के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों ने जिला अस्पताल में निशुल्क शिविर लगाकर मरीजों के कान और नाक की दूरबीन से जांच की। शिविर में 240 मरीजों की जांच की गई। साथ ही निशुल्क दवाइयां भी बांटी गई।
रविवार को जिला अस्पताल में बरेली से आए ईएनटी सर्जन डॉ. अनूप अग्रवाल ने नाक, कान और गले से पीड़ित 120 मरीजों की निशुल्क जांच की। उन्होंने बताया कि जुकाम ज्यादा होने पर कान के पर्दे में सुराख हो सकता है। ऐसे में ठंडी चीजों का परहेज करें। न्यूरो सर्जन डॉ. सीमा माहेश्वरी ने 55 मरीजों की जांच की। ज्यादा मरीज माइग्रेन, स्पोंडलाइटिस और कमर दर्द से पीड़ित निकले। माइग्रेन के मरीजों को धूप में सिर ढकने और चाय, काफी का परहेज करने की सलाह दी।
माइग्रेन के मरीजों से दवाइयां का नियमित सेवन करने को कहा। शिविर में महादेव डाइग्नोस्टिक सेंटर ने बीपीएल मरीजों की निशुल्क एक्सरे, ईसीजी और खून की जांच की। शिविर में गेस्ट्रो सर्जन एके माहेश्वरी ने 65 मरीजों को देखा। शिविर को संपन्न कराने में जिला अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ और बरेली से आए मनुप्रीत, अनुराग सक्सेना, अतुल, आनंद, शशांक ने सहयोग किया।