पिथौरागढ़। केंद्रीय रक्षा मंत्री सेना निर्मला सीतारमण 17 सितंबर को धारचूला में पूर्व सैनिकों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करेंगी। धारचूला के कुमाऊं स्काउट परिसर में इस कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
दो दिन के कैंप के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री सुबह दस बजे पहुंचेंगी। मेडिकल कैंप सुबह नौ बजे से शुरू होगा। इस कैंप में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के साथ ही धारचूला, डीडीहाट और मुनस्यारी के आम लोगों को भी चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। इस चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों का उपचार किया जाएगा। कैंप में भूतपूर्व सैनिकों के लिए ईसीएचएस कक्ष, राज्य प्रशासन, जिला सैनिक बोर्ड और अभिलेख कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
कुमाऊं रेजिमेंट के अधिकारी इस कैंप में मौजूद रहकर पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे। धारचूला के स्टेशन कमांडर ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाने को कहा है।