डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट को जिला बनाने और प्रशासनिक इकाई का गठन करने की मांग को लेकर आगामी छह सितंबर को नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
जिला बनाने की मांग को लेकर रामलीला मैदान में आयोजित बैठक में जिला बनाओ वर्किंग कमेटी का गठन किया गया। इसमें भाजपा, कांग्रेस, उक्रांद और बसपा के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। शिक्षाविद् डीएस पांगती, आरएस चौहान, उदय सिंह मेहता, मोहन सिह मर्तोलिया और गोविंद लाल शाह को वर्किंग कमेटी का संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में आरएस चौहान ने कहा कि अब डीडीहाट जिले के गठन को लेकर अंतिम और निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। डीएस पांगती ने सभी ग्राम सभाओं को छह सितंबर के जलूस में शामिल होने का आह्वान किया। वर्किंग कमेटी ने निर्णय लिया कि छह सितंबर को निकलने वाले जलूस के लिए गांव गांव जाकर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।