मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी के दो फुटबॉलर 21 अगस्त से अंबाला में होने वाली अंडर-16 सब जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मिलम के प्रधान भुवन जंगपांगी के पुत्र स्पोर्ट्स हॉस्टल देहरादून के खिलाड़ी विरेंद्र जंगपांगी और गिरगांव निवासी भाजपा नेता भगत बाछमी के पुत्र अजय बाछमी का अंडर-16 सब जूनियर नेशनल फुटबॉल के लिए चयन हुआ है। दोनों हल्द्वानी में 10 दिनों तक चले ट्रायल के बाद चयनित हुए हैं। रविवार को टीम नेशनल टूर्नामेंट में खेलने के लिए टीम के साथ अंबाला रवाना हो गए हैं।
बता दें कि तीन वर्षों में मुनस्यारी क्षेत्र के युवा खिलाड़ी राज्य और नेशनल फुटबॉल में अपना स्थान बनाते आ रहे हैं। मुनस्यारी की तीन छात्राएं सोमवार से गोवा में होने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग ले रहीं हैं। इन खिलाड़ियों के चयन पर जोहार क्लब के अध्यक्ष खुशाल धर्मशक्तू, मुनस्यारी फुटबॉल क्लब के संचालक हिमांशु धर्मशक्तू, केदार मर्तोलिया, भाजपा नेता जगत मर्तोलिया, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हीरा चिराल, रवि बृजवाल, विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य भगत सिंह बोरा आदि ने खुशी जताई है।