पिथौरागढ़। राष्ट्रीय सैनिक मोर्चा की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
सैनिक संस्था उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष कर्नल एसपी गुलेरिया की अध्यक्षता में तिलढुकरी स्थित प्रांतीय कार्यालय में हुई बैठक में सेना से लाल स्याही की सजा काटने वाले सैनिकों को सेवानिवृत्त करने की कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रपति, रक्षा मंत्री और सेनाध्यक्ष को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। कर्नल गुलेरिया ने सेना में लाल स्याही से लिखी जाने वाली सजा काटने वाले जवानों को अपंगता पेंशन देने, दस वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले जवानों को 1988 से उचित पेंशन देने की मांग उठाई।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कारगिल दिवस पर 26 जुलाई को होने वाले कार्यक्रम में जनपद के अन्य शहीदों के परिजनों को भी आमंत्रित करने की मांग की। कहा कि इस मांग को डीएम के समक्ष उठाया जाएगा। अंत में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को राष्ट्रीय महासचिव बनने पर खुशी जताई गई। बैठक में पूर्व सैनिक लक्ष्मण सिंह, लाल सिंह, हेमंत प्रसाद, विजेंद्र सिंह, नायक मोहन सिंह, हवलदार एससी ओझा, होशियार सिंह आदि मौजूद थे।