बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। महरी धर्मशाला में सड़क निर्माण की मांग के लिए आमरण अनशन पर बैठे भुवन चंद्र पाठक (60) को बुधवार को प्रशासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया है। उनका आमरण अनशन का आठवां दिन था। चिकित्सकों के दल ने उनके स्वास्थ्य में गिरावट की जानकारी दी।
बाद में तहसीलदार रघुवीर सिंह के नेतृत्व में प्रशासन ने उन्हें अनशन स्थल से उठा कर अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने भारी विरोध एवं नारेबाजी की। इसके बाद अनशन पर 58 वर्षीय महिला भागीरथी देवी बैठ गईं। ग्रामीण हलियाडोब-ओखरानी-नाचनी मार्ग के शेष भाग की वित्तीय स्वीकृति की मांग को लेकर आंदोलित हैं।
बुधवार को अनशन स्थल पर हुई सभा में संघर्ष समिति के ऑडीटर उमेश चंद्र पाठक ने कहा कि आंदोलन के 34 दिन बाद भी एक सूत्री मांग के लिए ठोस कार्रवाई न होना शासन प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। बुधवार को धरने पर देवीदत्त पाठक, डॉ. चंद्रशेखर पाठक, कमल पाठक, भुवन पाठक, सुंदर कार्की आदि बैठे।