पिथौरागढ़। हाइकोर्ट के निर्देश के बाद जिले में राजस्व पुलिस क्षेत्रों को रेगुलर पुलिस में शामिल करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत पांच नए थाने और नौ चौकियां खुलेंगी। इसके साथ ही पुराने 16 थाने और 19 चौकियों का विस्तार होगा। राजस्व क्षेत्रों के 125 गांवों को पुराने थाने और चौकी क्षेत्रों में शामिल किया जाएगा। जिला पुलिस प्रशासन ने मुख्यालय को इस संबंध में प्रस्ताव भेज दिया है।
पुलिस मुख्यालय ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर सभी जिला कप्तानों से इस संबंध में प्रस्ताव मांगे हैं। मुख्यालय ने दो बिंदुओं पर राजस्व पुलिस क्षेत्रों को रेगुलर पुलिस को सौंपने की कार्ययोजना मांगी है। पहले बिंदु के तहत बिना संसाधन और बजट बढ़ाए पुराने थाना-चौकियों के विस्तार पर प्रस्ताव मांगा है, जबकि दूसरे बिंदु के तहत अपरिहार्य स्थिति में राजस्व क्षेत्रों के लिए नए थाना और चौकियों का प्रस्ताव मांगा है।
इसी क्रम में पिथौरागढ़ जिला पुलिस ने मुख्यालय को 125 राजस्व गांवों को पुराने थाना-चौकियों में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है, जबकि अपरिहार्य स्थिति को देखते हुए बाकी राजस्व क्षेत्रों में पांच नए थाने और 17 चौकियां बनाने का प्रस्ताव किया है। अब तक जिले में गुंजी के सीजनल थाने को मिलाकर 16 थाने और 17 चौकियां मौजूद हैं। नए प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद जिले में थानों की संख्या बढ़कर 21, जबकि चौकियां 26 हो जाएंगी। अब तक रेगुलर पुलिस के पास जिले का 3017.40 वर्ग किमी क्षेत्र है। राजस्व पुलिस का 4151.60 वर्ग किमी शामिल होने के बाद रेगुलर पुलिस का क्षेत्र 7169 वर्ग किमी हो जाएगा।
नए प्रस्तावित थाने
गणाईगंगोली, बसंतकोट, देवलथल, पांखू, क्वीटी।
नए प्रस्तावित चौकियां
गुरना, चंडाक, बरम, आदिचौरा, दूनाकोट, जमतड़ी, बुंगली, खिरमाण्डे, मरतोली।
मुख्यालय ने राजस्व क्षेत्रों को रेगुलर पुलिस को सौंपने के संबंध में प्रस्ताव मांगा था। जिले में राजस्व क्षेत्रों में पांच नए थाने और नौ चौकियां खोलने का प्रस्ताव किया है। इसके साथ ही राजस्व क्षेत्रों के 125 गांवों को पुराने थाना-चौकियों में शामिल किया जाएगा। प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया है। -अजय जोशी, पुलिस अधीक्षक, पिथौरागढ़