पिथौरागढ़। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सरकार के हस्तक्षेप के बाद पिथौरागढ़ को भी एलटी परीक्षा केंद्र बना दिया है। एलटी का परीक्षा केंद्र पिथौैरागढ़ में नहीं होने से शिक्षित बेरोजगारों में सरकार के खिलाफ रोष था। वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने बताया कि उत्तरकाशी को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
वित्त मंत्री पंत ने पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी को एलटी परीक्षा का केंद्र बनाने की जानकारी देते हुए बताया कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में आयोग द्वारा होने वाली परीक्षाओं के केंद्र राज्य के तीन सीमांत जिलों पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और चमोली में अवश्य बनाए जाएं। मंत्री ने पत्रकारों को उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग के सचिव संतोष बडौनी के पिथौरागढ़ को परीक्षा केंद्र बनाने संबंधी पत्र की प्रति उपलब्ध कराई।
आयोग के सचिव ने 9 दिसंबर को पिथौरागढ़ के डीएम और एसपी को लिखे पत्र में कहा है कि 17 दिसंबर को होने वाली सहायक अध्यापक (एलटी) की लिखित परीक्षा के लिए 648 अभ्यर्थियों ने प्रथम विकल्प के तौर पर पिथौरागढ़ को चुना है। इस आधार पर आयोग ने परीक्षा पिथौरागढ़ में कराने का निर्णय लिया है। आयोग के सचिव ने परीक्षा के लिए केंद्र चिन्हित कर प्रत्येक केंद्र में एक मजिस्ट्रेट/पर्यवेक्षक, एक महिला, एक पुरुष पुलिस कांस्टेबल/ होमगार्ड की तैनाती करने को कहा है।
बता दें कि एलटी का परीक्षा केंद्र नहीं बनाने के विरोध में कई संगठनों ने आंदोलन तक किए। राज्य आंदोलनकारी गोपू महर ने पिथौरागढ़ को एलटी लिखित परीक्षा का केंद्र नहीं बनाने पर 11 जनवरी को धरना देने की चेतावनी दी थी।