पिथौरागढ़। सीमांत जिले में पंचायत चुनाव संपन्न होने के तीन महीने बाद भी 378 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार अस्तित्व में नहीं आ सकी है। पंचायत वार्ड सदस्यों का दो-तिहाई कोरम अधूरा होने से पंचायत का गठन नहीं हो सका है। ऐसे में इन ग्राम पंचायतों में विकास कार्य भी अटक गए हैं।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद ग्राम पंचायतों को प्रधान तो मिल चुके हैं लेकिन वार्ड सदस्यों के दो-तिहाई पद रिक्त हैं। जिले की 303 ग्राम पंचायतों में दो-तिहाई वार्ड सदस्य चुने गए और ये अस्तित्व में आई हैं। 378 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां अब तक गांव की सरकार नहीं बनी है। दो-तिहाई ग्राम पंचायत सदस्य नहीं बनने से इन पंचायतों का गठन नहीं हो सका है।
पंचायतों का गठन न होने से विकास कार्यों के साथ ही ग्रामीणों के काम भी नहीं हो रहे हैं। ग्राम प्रधान को मुहर न मिलने से जरूरी दस्तावेज जारी नहीं हो रहे हैं। इसके लिए ग्रामीणों को विकासखंड मुख्यालयों के चक्कर काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
किस ब्लॉक में कितनी ग्राम पंचायतों का नहीं हुआ गठन
ब्लॉक ग्राम पंचायत
बेड़ीनाग 58
धारचूला 15
डीडीहाट 34
गंगोलीहाट 81
कनालीछीना 51
मूनाकोट 52
मुनस्यारी 29
पिथौरागढ़ 59
कोट
378 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने से प्रधानों का शपथ ग्रहण नहीं हो सका है। शासन स्तर से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। - हरीश आर्या, जिला पंचायत राज अधिकारी, पिथौरागढ़