पिथौरागढ़। 9 नवंबर 2000 यानि कि राज्य बनने की तिथि से पहले सेवानिवृत्त पूर्व सैनिकों के डिस्चार्ज बुक में अब भी राज्य का नाम उत्तर प्रदेश लिखा है। ऐसे पूर्व सैनिकों के डिस्चार्ज बुक में संशोधन की कार्रवाई चल रही है। जिला सैनिक कल्याण परिषद के सदस्य सेवानिवृत्त सैन्य शिक्षाधिकारी नरेंद्र चंद ने बताया है कि इसके लिए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के माध्यम से इसके लिए आवेदन किया जाना है।
इसके प्रपत्र सैनिक कल्याण कार्यालय में उपलब्ध हैं। बताया कि जिन पूर्व सैनिकों ने अपनी पत्नी का नाम पेंशन कागजातों और डिस्चार्ज बुक में दर्ज नहीं कराया है, वह जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से प्रपत्र लेकर रिकार्ड कार्यालयों को आवेदन कर सकते हैं। बताया है कि यदि किसी पूर्व सैनिक ने पहली पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरा विवाह किया है और सेवानिवृत्ति के बाद बच्चे पैदा हुए हैं, तो उनका नाम भी रिकार्ड में दर्ज कराया जा सकता है। इसके लिए पूर्व सैनिक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।